25 February 2014

इष्टकाल

ढाई का हिसाब समझाने के बाद गुरु जी इष्टकाल के हिसाब पर आ गए। ज्योतिष में समय को घड़ी के घंटा मिनट के हिसाब से नहीं पहचाना जाता है। सूर्योदय के हिसाब से पहचाना जाता है। यहाँ पर सूर्योदय से सूर्योदय तक का सफ़र किया जाता है। जैसे आज सोमवार है। तो अँग्रेजी हिसाब से सोमवार रात्रि १२ बजे समाप्त हो जायेगा। मगर ज्योतिष में जब तक अगला सूर्योदय नहीं आएगा सोमवार ही कहलायेगा। अभी समय हो रहा है रात्रि के ११:१२। तो इसका इष्टकाल बनाना है। अब प्रश्न उठता है इष्टकाल है क्या ? यह तो गुरु जी ने बताया नहीं। सीधे उन्होंने कहा घटी-पल-घंटा-मिनट समझ गए हो चलो अब इष्टकाल सिख लो। मैंने भी नहीं पूछा इष्टकाल क्या होता है? मैं अजीब तरह का उज़बक हूँ। जो सिखाना है सिखाते चलो सीखता चलूँगा।
समय है रात्रि के ११:१२। तो सबसे पहले इसमें १२ जोड़ दें। तब समय हुआ २३:१२। इसमें देशान्तर जोड़ दें। अब देशान्तर क्या होता है ? हम जहाँ रहते हैं वहाँ से जहाँ का पंचांग है वहाँ की दूरी। यह दुरी पूरब पश्चिम की दुरी होती है। मैं जमशेदपुर में रहता हूँ तो जमशेदपुर की दुरी भारतीय मानक समय से १४ मिनट ४८ सेकेण्ड की है। अर्थ यह कि यहाँ १४ मिनट ४८ सेकेण्ड पहले सूर्योदय हुआ है। अतः इस १४ मिनट ४८ सेकेण्ड को २३:१२ में जोड़ देंगे। तब होगा २३:२६:४८। यहाँ ध्यान यह रखना होगा कि जिस पंचांग को आधार मानकर आप चल रहे हैं वह पंचांग है कहाँ का ? हम भारतीय मानक समय को आधार मानकर चल रहे हैं। हमारे गुरूजी बनारसी पंचांग को आधार मानकर चलते थे। यह भारतीय मानक समय क्या बला है? भारतीय मानक समय का निर्धारण ८२:३० पूर्वी रेखांश पर हुआ है। यह रेखांश देशान्तर के हिसाब से है। भारतीय मानक समय का निर्धारण जहाँ से हुआ है वहाँ ५ घंटा ३० मिनट पहले सूर्योदय होता है। तो मैं यहाँ जमशेदपुर में हूँ। जमशेदपुर ८६:१२ पूर्वी रेखांश पर अवस्थित है। अतः गणित बनेगा
८२:३० में ५:३० तो ८६:१२ में कितना ? ८६:१२ * ५:३० / ८२:३० = ५१७२ * ३३० / ४९५० = ३४४.८ = ५ घंटा ४४ मिनट ४८ सेकंड।
यह हुआ 0 रेखांश से जमशेदपुर तक की देशांतरीय दुरी। भारतीय मानक समय से जमशेदपुर की दुरी होगी ५:४४:४८ -५:३०:०० = १४:४८ अर्थात १४ मिनट ४८ सेकेंड।
१८ फरवरी २०१४
सूर्य का करवट बदलना वेलांतर कहलाता है। पञ्चाङ्ग में इसी को रेलवे अंतर का नाम देकर रखा गया है। सूर्य के इसी क्रिया के कारण दिन और रात बड़ा- छोटा होता है। करवट बदलने के क्रम में कभी सूर्य बाएं जाते हैं तो कभी दायें। चाहे दक्षिण चाहे वाम हमको बस सोने से काम। जी हाँ, सूर्य आराम फरमा रहे हैं। चक्कर तो पृथ्वी लगा रही है। और हम भ्रमवश यही  समझते हैं कि……………. खैर यहाँ भ्रम में ही रहना है। सूर्य में गति है यही समझना है। 
२० फरवरी २०१४
तो करवट बदलने के क्रम में सूर्य कभी दक्षिण जाते हैं कभी वाम। यह होता यूँ है, सर्वविदित है पृथ्वी अपने अक्ष पर घूमते हुए सूर्य की परिक्रमा में लगी हुई है। पृथ्वी द्वारा सूर्य की परिक्रमा करने में  एक वर्ष का समय लगता है तथा अपने अक्ष पर घूमने में एक दिन-रात का। पृथ्वी पश्चिम से पूर्व की ओर घूमती है इसलिए सूर्य पूर्व में उदय एवं पश्चिम में अस्त होते दीखते हैं। मगर पृथ्वी अपनी कक्षा के तल पर सीधी नहीं घूमती है, करीब २३ अंश २६ कला झुककर घूमती है। यह झुकना एक कोण बनाता है। इसी कोण को खगोल में  विषुवत वृत्त नाम दिया गया है और  झुकाव को विषुवत वृत्त बिंदु।
सूर्य पृथ्वी की मध्य रेखा अर्थ यह कि भूमध्य रेखा को दक्षिण से उत्तर की ओर पार करते हैं तो यह पार करने को वसंत विषुव कहते हैं। क्योंकि आमतौर पर उत्तरी गोलार्द्ध में यह काल वसंत ऋतु के आगमन का काल होता है। सूर्य बसंत विषुव पर २१ मार्च या इसके आसपास होते हैं। तब दिन और रात बराबर होता है। इसके बाद दिन बढ़ने लगता है और रात घटने लगती है।
   इसी प्रकार सूर्य जब भूमध्य रेखा को उत्तर से दक्षिण की ओर पार करते हैं तो हम उत्तरी गोलार्द्ध वाले उस समय के विषुव को शरद विषुव कहते हैं। क्योंकि इस विषुव के साथ ही हमारे यहाँ शरद ऋतु का आगमन होता है। यह २३ सितम्बर के आस-पास होता है। इस विषुव पर भी दिन और रात बरावर होता है। इसके बाद दिन घटने एवं रात बढ़ने लगती है।
इन दिनों में सूर्य ठीक पूर्व में उदय होते हैं और ठीक पश्चिम में अस्त होते हैं।
वसंत विषुव से सूर्य उत्तर की ओर बढ़ना शुरू करते हैं और जब ९० अंश दूर चले जाते हैं तो वह उच्चतम क्रांति और अधिकतम उन्नतांश प्राप्त कर लेते हैं। यह बिंदु, जो वसंत एवं शरद विषुव के बीच में स्थित होता है उत्तर अयनांत बिंदु कहलाता है। सूर्य इस बिंदु पर लगभग २१ जून को पहुँचते हैं और इस दिन को ग्रीष्म अयनांत दिवस कहा जाता है क्योंकि हमारे उत्तरी गोलार्द्ध में उस समय ग्रीष्म ऋतु अपने चरम पर होती है। ऐसे हमारे यहाँ गरमी के बाद मानसून की बारिस भी शुरू हो जाती है। तब दिन बहुत बड़ा होता है और रात कब कट जाती है, पता ही नहीं चलता।
         ग्रीष्म अयनांत दिवस के बाद सूर्य दक्षिण की ओर बढ़ना शुरू करते हैं।  और जब वे उत्तरी अयनांत से क्रांति वृत्त पर १८० अंश चल चुके होते हैं तो हम उत्तरी गोलार्द्ध वालों के यहाँ दक्षिणी  अयनांत दिवस होता है जिसको शीत अयनांत दिवस कहते हैं जो करीब २२ दिसंबर को होता है।  इस समय सूर्य न्यूनतम उन्नतांश पर होते हैं और दक्षिणी क्रांति उच्चतम होती है। तब ठिठुरन वाली ठंढी होती है। रात काटे नहीं कटती है और दिन इतना छोटा हो जाता है कि................ . दक्षिणी गोलार्द्ध के लिए यह क्रम उल्टा होता है।
          तो यही कहानी है सूर्य के करवट बदलने की। जिससे दिन-रात बड़ा-छोटा और बराबर होता है। ऋतु परिवर्तन होता है।  हमलोग भारतवासी उत्तरी गोलार्द्ध के हैं, अतः सूर्य जब दक्षिणपंथी होंगे तब हमें ठिठुरना पड़ेगा और वामपंथी होंगे तो उनकी तपिश से बचने के उपाय ढूंढने होंगे।
इसी दक्षिण-वाम के कारण इष्टकाल बनाने के लिए वेलांतर संस्कार करना पड़ता है।
देशान्तर संस्कार करने के बाद समय आया था २३:२६:४८। इसमें आज का वेलांतर लगभग १२ मिनट घटा देना होगा। तब संस्कारित समय आया २३:१४:४८। इसमें आज के सूर्योदय को घटाना होगा। सूर्योदय है प्रातः ६:२२। तब २३:१४:४८ -६:२२ = १६:५२:४८। अब १६:५२ ४८ को घट्यात्मक बनाने के लिए उसमें २.५ से गुणा करेंगे तो १६:५२:४८ * २.५ = ४२:१२। अर्थ यह कि इष्टकाल = ४२ घटी १२ पल। आशा है पाठकगण इष्टकाल क्या है ? समझ गए होंगे। हम तो ५ मिनट की बैठकी में इष्टकाल बनाने लग गए थे।
Ravindrakumar Pathak Dilipji thodi aur mihanat chaahiye. kripayaa yaha bhi spashta karen ki aisaa kyon?- 1 सूर्य का करवट बदलना वेलांतर कहलाता है। पञ्चाङ्ग में इसी को रेलवे अंतर का नाम देकर रखा गया है। 2 इसी दक्षिण-वाम के कारण इष्टकाल बनाने के लिए वेलांतर संस्कार करना पड़ता है।
रेलगाड़ी में बैठने के बाद जो भ्रम की स्थिति बनती है,वही वेलांतर के बनने के क्रम में बनती है। इसीलिये  दैवज्ञों ने इसे रेलवे अंतर नाम दिया है। अब रेल गाड़ी में भ्रम की स्थिति क्या बनती है ? भ्रम की स्थिति यह बनती है कि हम रेलगाड़ी में बैठे होते हैं। रेलगाड़ी प्लेटफार्म पर खड़ी रहती है, सामने के प्लेटफार्म पर दूसरी खड़ी गाड़ी एकाएक चलने लगती है और हमें अनुभूति होती है कि हमारी ही गाड़ी चलने लगी है। तो कभी अनुभूति होती है कि हम रुके हुए हैं और प्लेटफार्म चल रहा है, तो पेड़ चल रहा है जबकि चल रही होती है हमारी रेलगाड़ी। 

भयात-भभोग

भयात-भभोग
नक्षत्र के प्रारम्भ से इष्ट समय की दूरी को भयात कहते हैं। संपूर्ण नक्षत्र के मान को भभोग कहते हैं। जैसे  इष्टकाल है ४२ घटी १२ पल। आज का वर्त्तमान नक्षत्र है ज्येष्ठा। जिसका ५६ घटी ४५ पल तक भोग है। जो पिछले दिन ५९ घटी ४३ पल से शुरू हुआ है। तो अहोरात्र होता है ६० घटी का इसमें ५९ घटी ४३ पल घटाएंगे, तब फल होगा ० घटी १७ पल। इसमें अपने इष्टकाल को जोड़ देंगे, तब फल होगा ४२ घटी २९ पल, यही भयात हुआ। भभोग के लिए जो ५६ घटी ४५ पल है उसको पिछले दिन के भोग से जोड़ देंगे तब फल होगा ५७ घटी ०२ पल।  यह हुई भयात-भभोग की कहानी।
भयात-भभोग तक की पढ़ाई सफलता पूर्वक पढ़ लेने के बाद दशा-महादशा सीखने की बारी आयी दशाएँ कई प्रकार की हैं। मगर परासर मत्त के अनुसार  विंशोत्तरी महादशा ही सर्वमान्य है। यह १२० वर्ष का माना गया है। जिसको नवग्रहों में इस प्रकार से बनता गया है :-  सूर्य ६ वर्ष; चन्द्र १०  वर्ष; मंगल ७ वर्ष; राहु १८ वर्ष; गुरु १६ वर्ष; शनि १९ वर्ष; बुध १७ वर्ष; केतु ७ वर्ष; शुक्र २० वर्ष २७ नक्षत्र हैं। सभी नक्षत्र के स्वामी ग्रहों के अनुसार जातक के ऊपर चलने वाली दशा- अन्तर्दशा की जानकारी ली जाती है। जो इस प्रकार है :- १. अश्विनी : केतु ; २. भरणी : शुक्र ; ३. कृत्तिका : सूर्य ; ४. रोहिणी : चन्द्र ; ५. मृगशिरा : मंगल ; ६. आर्द्रा : राहु ; ७. पुनर्वसु : गुरू ; ८. पुष्य : शनि ; ९. आश्लेषा : बुध ; १०. मघा : केतु ; ११. पूर्वाफाल्गुणी : शुक्र ; १२. उत्तराफाल्गुनी : सूर्य ; १३. हस्त : चन्द्र ; १४. चित्रा : मंगल ; १५. स्वाति : राहु ; १६. विशाखा : गुरू ; १७. अनुराधा : शनि ; १८. ज्येष्ठा  : बुध ; १९. मूल : केतु ; २०. पूर्वाषाढ़ा : शुक्र ; २१. उत्तराषाढ़ा : सूर्य ; २२. श्रवणा : चन्द्र ; २३. धनिष्ठा : मंगल ; २४. शतभिषा : राहु ; २५. पूर्वभाद्रपदा : गुरू ; २६. उत्तर-भाद्रपदा : शनि ; २७. रेवती : बुध।
हम ज्येष्ठा नक्षत्र के भयात-भभोग में चल रहे थे। भयात था ४२ घटी २९ पल एवं भभोग ५७ घटी ०२ पल। ज्येष्ठा नक्षत्र का स्वामी बुध है। बुध की दशा १७ वर्ष की है। जिसमें कितना भुक्त्य है और कितना भोग्य ? यह पता करना है। अतः गणित बनेगा ५७ घटी ०२ पल में १७ वर्ष तो ४२ घटी २९ पल में कितना ? १७ गुणा भयात भागा भभोग  (१७ * ४२।२९  / ५७।०२  ). यहाँ भयात-भभोग को पलात्मक बना देने से गणित बनाने में सुविधा होगी। भयात है ४२।२९ तो पलात्मक बनाने के लिए १ घटी = ६० पल होता है अतः ४२  * ६०  = २५२० पल हुआ। इसमें २९ पल और जोड़ देंगे, तब पलात्मक फल हो जाएगा २५४९। यही पलात्मक भयात हुआ भभोग को भी इसी क्रिया से पलात्मक बनाना होगा। ५७ * ६०  + ०२  = ३४२० + ०२  = ३४२२ यह पलात्मक भभोग हुआ। सूत्र है महादशा वर्ष  * भयात  / भभोग   = १७  * २५४९  / ३४२२  = ४३३३३  / ३४२२  = तो फल भुक्त्य वर्ष कहलाएगा। फल होगा : १२ वर्ष ०७ माह २९ दिन। यह लिखाएगा इस तरह से : विंशोत्तरी मत्तानुसारेण बुध महादशा १७ वर्ष ; भुक्त्य वर्षादि : १२ वर्ष ०७ माह २९ दिन ; भोग्य वर्षादि : ०४ वर्ष ०४ माह ०१ दिन। 
पंचांगों में महादशा के अन्तर्गत अन्तर्दशा की सारिणी दी रहती है। ऐसे अन्तर्दशा है क्या ? जिस तरह से महादशा का क्रम है उसी तरह से अन्तर्दशा का क्रम है। अन्तर्दशा बनाने का गणित है : महादशा वर्ष  * अन्तर्दशा  / १२०  = १७  * १७  / १२०  = ०२ वर्ष ०४ माह २७ दिन। यह बुध की महादशा में बुध की अन्तर्दशा हुई। इसी तरह केतु की अन्तर्दशा : १७  * ७ / १२०  = ० वर्ष ११ माह २७ दिन।
नक्षत्र के चार चरण होते हैं। जैसे ऊपर वर्णित ज्येष्ठा नक्षत्र के भभोग का मान ५७।०२ घट्यादि है तो पहला चरण इसका पहला चतुर्थांश होगा। ५७।०२  / ४  = ३४२२  / ४  = ८५५.५  = १४।१५|३०  का एक चरण हुआ। दूसरा चरण हुआ २८।३१। तीसरा चरण ४२।४६।३० पर है। हमारा भयात ४२।२९ घट्यादि है तो हमारे जातक का जन्म ज्येष्ठा नक्षत्र के तृतीय चरण में है। यह समझना चाहिए।  


17 October 2013

Guru-Shukra

बात उन दिनों की है जब मैं गया में रहता था। मेरे पड़ोसी झा जी जो मगध मेडिकल कॉलेज में नौकरी करते थे। साथ -साथ पुरोहिती भी करते थे। मैं उस वक्त आचार्य चंद्रशेखर मिश्र जो गया के प्रसिद्ध विद्वान हैं, एक भारतीय विद्यापीठ नाम की संस्था चलाते हैं, उसमें नौकरी करता था। नौकरी अजीब तरह की थी। लघु सिद्धांत कौमुदी की अ इ उ न ली लृक रटने की। उस वक्त तक मैं जन्मकुंडली पढ़ लेता हूँ, इसकी जानकारी आस- पड़ोस को हो गयी थी। झा जी हमको बोले," जड़ा मेडिकल चलियेगा, हमारे लेबोरेट्री इंचार्ज कुछ समस्या में हैं। शायद आपसे कुछ समाधान निकले। " उस वक्त मैं लाहिरी पंचांग का सहारा लेता था। जब कहीं निकलता था,जवाहर थैला कंधे पर होता था। जवाहर थैला में सौ साल का पंचांग होता था। जिससे आचार्य जी डरते थे। कहते थे यह थैला आप अपने घर रखकर आयें, विद्यापीठ की भलाई के लिए,इसमें विद्यापीठ विनाषक बम है।  मैं था कि  मानता नहीं था।
            करीब दो बजे मेडिकल के लेबोरेट्री में पहुंचा। लेबोरेट्री इंचार्ज बड़ी वेसब्री से इंतजार कर रहे थे। नाम अब याद नहीं आ रहा, हाँ सिंह जी थे इतना याद है। तब मैं नया -नया था पंडिताई और ज्योतिष गिरी बड़ा डर -डर कर करता था। विद्यापीठ से जुड़ने के बाद छिप -छिपकर भी। क्योंकि आचार्य जी सख्त थे। विद्यापीठ से रोजी-रोजगार की अच्छी व्यवस्था बनी हुई थी।
      "आइये पंडित जी, प्रणाम !"
      "प्रणाम-प्रणाम !"
      "आशीर्वाद दीजिये। "
          मगर मेरी आदत नहीं बनी थी उस वक्त तक आशीर्वाद देने की। अभी भी हिचकता हूँ।
उन्होंने एक जनम तिथि बताया। तिथि थी १६ जुलाई १९५३ दिन के ३:०० बजे, बिहार शरीफ में। झोला से पंचांग निकाला। गणना किया। वृश्चिक लग्न की कुंडली थी। तृतीय स्थान में मकर का राहू था, सप्तम में वृष राशि में गुरु और शुक्र थे। मंगल अष्टम में, सूर्य- बुद्ध- केतु भाग्य स्थान में, चन्द्र दशम भवन में सिंह राशि में था और शनि लाभ भवन में कन्या राशि में।  मैं उस जातक को २००३ में देख  रहा था उस वक्त उस कुंडली में विम्शोत्तरी  महादशा के अनुसार वृहस्पति की महादशा में शुक्र की अन्तर्दशा चल रही थी। वृश्चिक लग्न में सप्तम भाव एवं व्यय भाव  का स्वामी शुक्र था तथा वृहस्पति दुसरे एवं  पांचवें भवन का। कुंडली में सप्तम भवन को प्रथम मारक स्थान माना जाता है एवं दुसरे भवन को द्वितीय मारक स्थान। जब देख रहा था उसी समय में मैं लघुपारासरी की कारिकाओं को गुपचुप तरीके से रट्टा  लगा रहा था। उसी में एक कारिका है," केंद्राधिपत्य दोषष्तु बलवान गुरु शुक्रयोः। मारके अपि च तयोर मारक स्थान संस्थितिः। "
          अनुमान लगा यह जिस जातक की कुंडली होगी, जरुर वह आफत में होगा। क्योंकि गुरु और शुक्र इस कुंडली में दोनों मारक ग्रह हैं और सप्तम में बैठे हैं।
            "तत्काल तो स्थिति ठीक नहीं होगी। " मैंने डरते- डरते निश्चयात्मक अंदाज में बोला।
           "हाँ बाबा ! तब क्या होना चाहिए? " इंचार्ज महोदय बोले।
            "महामृत्यंजय करा सकते हैं। "
             "कब संकल्प लीजियेगा ? "
             "शिववास देखकर "
             "कब है ?"
              "देखता हूँ। "
    तिथि निश्चित हुआ। उन्होंने अपने घर बुलाया। मेरा मन एकदम प्रसन्न हो गया। पहली बार अपने दम की एक मोटी कमाई होने वाली थी। मगर उनका घर आचार्य जी के विद्यापीठ की गली में था। बड़ा डर, कैसे जाएँ जजमान के घर ? कहीं भेद न खुल जाये। पत्नी श्री से राय लिया। इनकी अनुमति मिल गया। "अब ल, एकरा में डरे के का बात ? " संध्या के समय हम उनके घर पहुंच गए। दरवाजा खटखटाया।
            "आबी  पंडित जी। पांव लागी। " एक महिला की  आवाज आयी।
             सब तैयारी ये लोग करके बैठे हुए थे। उन्हीं महिला की कुंडली थी। बड़ी भद्र थीं, सुशील और शांत। थीं तो श्यामली मगर चेहरे पर कांति थी। मुझे कहीं से कुछ गड़बड़ी दिख ही नहीं रही थी।
             " हे भगवान ! बड़ी कृपा है आपकी। "
              स्वस्तिवाचन स्रवन , संकल्प , पूजन सब इस मनोयोग से कि मत पूछिये। मानो कोई बिरला भेंटा गया हो।
               संकल्प और अग्रिम दक्षिणा  लिया तथा चलने को हुआ। आँचल अपना पकड़कर दोनों हाथ से मेरा पांव पखारीं। लगा कि मेरे पांव का सारा दर्द निकल गया। आशीर्वाद को प्रकट करना चाहा, मगर कंठ जबाब दे गया।
                तय हुआ था मार्कंडेय महादेव के पास बैठकर जप करने का , अगले दिन अहले सुबह से। सिंह जी गली तक छोड़ने आये। गली में फफक-फफक कर रोने लगे।
                 "क क क्यों ?"
                  "बाबा ये नहीं बचेगी। "
                   "क्या हुआ ? स्वस्थ तो लग रहीं हैं। मैं तो ऐसे ही कुंडली में जो स्थिति थी, उसके अनुसार बता दिया। कुंडली का सबकुछ सही ही थोड़े होता है। बहुत लोग तो ....... "
                   "ओह बाबा ! क्या बताएं आपको ? इसके मरने का डेट फिक्स हो गया है। इसको ब्लड कैंसर है। हर हप्ते इसका ब्लड चेंज होता है। "
                    "क्या ?………"हक्का-बक्का गुम। लगा कि पांव तले कि………."तब संकल्प क्यों दिए ? कहीं........ "
                    "बाबा आप जप कीजिये न, जप हम इसलिए करवा रहे हैं कि इसका परलोक सुधरे। जब ब्लड चेंज होता है तो उसको बड़ी कष्ट की अनुभूति होती है उसमें कुछ कमी हो। आप निश्चिन्त होकर जप कीजिये, दक्षिणा  की चिंता मत कीजिये। "
                     खैर मैं वहां से विदा हो चला घर को। अगले दिन से बैठना था मार्कंडेय महादेव के पास, परलोक सुधारने।
                       शुभ रात्रि!!

11 October 2013

पंचांग क्या है ?

पंचांग क्या है ? इससे हम -आप सभी परिचित हैं, इसके महत्व को समझते हैं। दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता को समझते हैं। इसके माध्यम से हमें अपने समय का ज्ञान प्राप्त होता है। पंचांग में समय के माप की प्रस्तुति होती है जिससे हमारी गतिविधियों का सञ्चालन होता है। अतः हम समझ सकते हैं कि हमारे समय के मान का पंचांग एक सही और मानक मानदंड है। समय के मापने का यह मानदंड कोई नया नहीं है, इसकी एक लम्बी परंपरा है। कई प्राचीन सभ्यताएँ आकाशीय पिंडो की गतियों का सूक्ष्म अध्ययन करती आयी हैं, जिससे उन्होंने अपने समय की गणना के तरीकों का विकास किया है एवं पंचांगों का निर्माण किया है। प्राचीन -समाज को फसल की बुआई -कटाई और विभिन्न त्योहारों व अनुष्ठानों के लिए सही समय की जानकारी की आवश्यकता होती होगी, इसलिए समय के मापन एवं पंचांगों की अवधारणा सामने आयी होगी, ऐसा लगता है।
हम मगध क्षेत्र के रहनेवाले हैं। हमें यह जानना चाहिए या हम जानते हैं, तो अच्छी बात है कल गणना एवं आकाशीय पिंडों के अध्ययन की इस परंपरा का अंकुरण इस मगध क्षेत्र से ही हुआ है। पटना का खगौल नामक स्थान आर्यभट की आज भी याद दिलाती है। आर्यभट से जब हम परिचित होते हैं, तो लगता है कि पटना का खगौल आर्यभट के काल में बहुत बड़ा खगोलीय अध्ययन का स्थान रहा होगा। आर्यभट ने मात्र २३ वर्ष की अवस्था में शक वर्ष ४२१ (इसवी सन ४९९)में ज्योतिष सिद्धांत के 'आर्यभटीय ' ग्रन्थ की रचना कर ली थी। जो उनके अद्भुत कल्पना वैचित्र्य का द्योतक है। आर्यभट ने ही सबसे पहले कहा कि "पृथ्वी अपने अक्ष पर भ्रमण करती है। ………ग़्रह का क्रम सूर्य केन्द्राभिप्रायिक है। " उनके सूर्य सिद्धान्तिक निरयन वर्ष की लम्बाई ३६५.२५८७५६ दिन है, जो आज के वैज्ञानिक माप से मात्र ३१ मिनट २७ सेकेण्ड अधिक है। इससे हम आर्यभट के द्वारा रखे गए प्रस्थापनाओं को तथा उस समय के अपने समाज को समझ सकते हैं। नालंदा विश्वविद्यालय के खण्डहर को चलकर देखें। देखते -देखते आँसू ढरक आयेंगे। आर्यभट वहीं के उपज थे। नालंदा जैसे शिक्षा केंद्र में रहते हुए आर्यभट का इकाई से अरबों -खरबों तक की अंक लेखन प्रणाली अपने -आप में अद्भुत कल्पना वैचित्र्य का द्योतक है।
आर्यभट के परवर्ती वाराहमिहिर भी मगध के मग द्विज थे। जो अपने पिता से आर्यभटीय प्रभृति ग्रंथों के अद्ययन के बाद आजीविका प्राप्ति के लिए मगध से अवन्ती गए, जहाँ राज्याभूषित वीर विक्रम की राजधानी में समादृत हुए। जो यवन देशीय विद्वानों के भी संपर्क में रहे। वाराहमिहिर का अप्रतिम पांडित्य ज्योतिष के तीनों स्कन्धों (सिद्धांत, संहिता,होरा )में आजतक विद्यमान है। शायद हम यह सभी यही जानते हैं कि न्यूटन ने सर्वप्रथम यह खोज की कि पृथ्वी में गुरुत्वाकर्षण शक्ति है। पर हमें यह भी जानना चाहिए कि शक संवत ४२७ ईसवी सन ५०५ का वह मग द्विज वाराहमिहिर ने ही सर्वप्रथम यह खोज की थी कि पृथ्वी में गुरुत्वाकर्षण शक्ति है।
अनुमानतः ही नहीं प्रत्यक्षतः हम कह सकते हैं कि खगोलीय अध्ययन के क्षेत्र में मगध की भूमिका अविष्कारक की रही है। यह प्रत्यक्ष प्रमाण मिलता है कि यहाँ की संस्कृति विनष्ट होती रही है और नई संस्कृतियों का प्रादुर्भाव होता रहा है। विनष्टीकरण से बचे हुए कुछ दस्तावेजों, धरोहरों या खण्डहरों से ही मगध की महत्ता पर प्रकाश पड़ता है कि "खण्डहर ही बताते हैं,ईमारत कितना बुलन्द होगा। "
आर्यभट को ही लें। ऐसा लगता है आर्यभट कोई पहले खगोलज्ञ नहीं होंगे। हाँ, उनके पहले के प्रमाण लुप्त हो गए होंगे। आर्यभट ने अपने "सूर्य सिद्धांत " में अपने से पूर्व आचार्यों की परंपरा को स्वयं स्वीकार किया है। उन्होंने "मय "नामक राक्षस को जो लंका निवासी थे, जो रावन के श्वसुर और मंदोदरी के पिता थे को प्रथम खगोलज्ञ माना है।
कालज्ञान की वैदिक पद्धति भी प्रचलन में थी। "कालज्ञानं प्रवक्ष्यामि लगधस्य महात्मनः। " कालज्ञान बोधक ज्योतिष शास्त्र का वर्तमान विकसित स्वरूप आचार्य लगध मुनि की देन है। कालान्तर में समस्त ब्रह्मर्षि वेदव्यास ने जिस प्रकार श्रुति, स्मृति, पुराणों की रचना से ज्ञान संरक्षण एवं संवर्धन किया। उसी प्रकार महात्मा लगध ने वेदाङ्ग ज्योतिष की रचना से ज्योतिष शास्त्र की प्रतिष्ठा अक्षुन्य की है। लगधाचार्य गृह वेध करने में कुशल खगोलज्ञ थे। प्राचीन समय में "नलीकावेध " नामक बांस के यन्त्र से भारतीय गणितज्ञ आचार्यों ने ग्रह ज्ञान के अद्भूत चमत्कारिक सिद्धांत उपपन्न किये थे।
यह गहन अध्ययन, मनन, चिंतन और खोज का विषय है। तत्काल यहाँ उतना विस्तार में जाना संभव नहीं है।
यह तो निश्चित समझते हैं कि खगोलीय पंचांग से जुड़ाव पुरे समाज को है। चाहे उसकी समझ सर्वव्यापक हो या न हो। पंचांग की समझ रकने वाले का एक "आवरण" समाज के मानस -पटल पर है। चाहे वह कोई हो, पंचांग अध्येता हो या न हो, यदि वह उस आवरण में समाज के समक्ष प्रस्तुत होता है,चाहे वह पनवारी की अथवा मोदी जी की चाय की दुकान ही क्यों न हो ? एक जनसंवाद से साक्षात्कार होने का खतरा उपस्थित हो जाता है :- "पाँव लगी बाबा जी, एकादशी कहिया हई? " या "ज्युतिया का पारण कब होगा ?" या " असली जन्माष्टमी कहिया है ?"
पंचांग क्या है ? हम ऊपर विचार कर आये हैं। पंचांग खगोलीय विज्ञानं के अध्ययन की एक प्रस्तुति है। जिसमें तिथि -योग -नक्षत्र -करण -लग्न और आकाशीय पिंडों में ग्रहीय स्थिति के निर्धारण की व्यवस्था होती है। जिसका व्यापक वैज्ञानिक स्थानीय महत्व होता है। और समाज अपेक्षा रखती है अपने समक्ष इसके प्रदर्शन की इसके अध्येताओं से। पंचांग देखकर तिथि -योग -नक्षत्र -लग्न ये सब बता दें, यह कोई बहुत बड़ी बात नहीं है, यह सामान्य ज्ञान की बात है. हममे यह समझ भी होनी चाहिए कि हम जिस पंचांग को आधार मानकर समाज के समक्ष अपना निर्णय दे रहे हैं, क्या वह सही है ? या उसमें त्रुटियाँ हैं ? हमारे यहाँ अन्धानुकरण की प्रवृति देखने को मिलती है , कसौटी पर जांचने की नहीं। पंचांग में जो है वह स्वीकार्य है। यह बड़ी गड़बड़ स्थिति है। पंचांग कोई निर्णय ग्रन्थ नहीं है, वल्कि एक गणितीय अध्ययन है।
तब बात आती है ,"इतना समय किसको है ? आज की दुनिया फ़ास्ट है। " जी हाँ, फ़ास्ट है, फास्टफूड की तरह सबकुछ फ़ास्ट हो गया है। जैसे -तैसे जो हो जाये। जल्दी ख़त्म हो सप्तम अध्याय और पंडित जी शंख बजाएं। जय हो श्री सत्यनारायण भगवान की।
मगर फास्टफूड से पेट भी फास्टली अन्वैलेंस होता है। उसी तरह की स्थिति और सन्दर्भों में भी है।
अतः जरुरत है संयम की, साधना की। कम-से -कम जो साधक लगा हुआ है साधना में, उसके सहयोग की , संरक्षण की।

पुरोहिती

पौरोहित्य कर्म निंदनीय कर्म है। इससे ब्रह्मत्व के तेज का क्षय होता है। - सन्दर्भ भागवत महा पुराण। 
पुरोहिती करते समय पुरोहित का तीन माथा हो जाता है। एक माथा देवता के काम आता है , दूसरा दानवों के और तीसरा मानवों के। तीन माथा के साथ तीन मुंह भी हो जाता है। एक मुंह से सोमपान करता है, दुसरे से मदिरा और तीसरे से अन्न खाता है मजबूरन। अर्थ यह कि पुरोहित वह जो सबको खुश रखे। सिंहासन अथवा इन्द्रासन चाहिए तो पुरोहित की तलाश होती है। संकट से पुरोहित निकालता है। ......... इंद्र का बज्र चलता है, पुरोहित का तीनों सिर कटता है। एक सिर तितर बनता है, दूसरा बटेर और तीसरा गौरैया।

28 April 2011

Astrology Treatment of any problem, Vastu for Building-Construction, Planet-Peace, Prevention of Kal Sarp- Defect, Prevention of Mangal-Dosh, Prayer-Text, Must remember to Chanting & ritual.

05 March 2009

होली

आयी रंग अजूबा लेकर होली धूम मचाने को ।

चोली-दामन खूँ से लतपथ बचा न कुछ रंगवाने को ॥

: शाद